रुड़की। भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष बारिश से बर्बाद हुई फसलों के नुकसान की भरपाई को लेकर मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है । मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा है कि बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा से फसलों को भारी क्षति हुई है। रबी की फसल 50 फ़ीसदी से अधिक नष्ट हो चुकी है । जबकि तेज हवा के कारण आम का बौर भी पेड़ों से गिर गया है ।
इससे बागवानी को भी बड़ा नुकसान हुआ है । भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरविंद सैनी हिंदुस्तानी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार के सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को बताया कि किसान आर्थिक रूप से काफी नुकसान में है। यदि समय रहते मदद नहीं की गई तो शान का विकास रुक जाएगा। उन्होंने कहा है कि फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रशासन के साथ-साथ भाजपा किसान मोर्चा के माध्यम से भी ली जाए ताकि सभी क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति से शासन अवगत हो सके तभी किसानों को लाभ पहुंच सकेगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रधान राजबाला सैनी,भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मास्टर धर्मेंद्र सिंह चौहान,आदित्य राज सैनी आदि मौजूद रहे।