
रुड़की। शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को सिल्वर मेडल दिलाकर देश, उत्तराखंड और रुड़की का नाम रोशन करने वाले गांव बेलड़ी, जिला हरिद्वार निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी का मोंटफोर्ट स्कूल रुड़की में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर आनंद एवं एमर जॉर्ज ने सूरज चौधरी को मोमेंटो, शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में सूरज चौधरी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यदि जीवन में ऊंचाइयों को छूना है तो निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज के समय में मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों के भविष्य में बाधा बन रहा है। यदि युवा मोबाइल से दूरी बनाकर खेल मैदान में समय देंगे तो निश्चित रूप से वे भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

प्रधानाचार्य ब्रदर अल्बर्ट अब्राहम ने कहा कि सूरज चौधरी जैसे खिलाड़ी विद्यालय और समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनकी उपलब्धि हर छात्र के लिए एक उदाहरण है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
समारोह में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने आदर्श खिलाड़ी से प्रेरणा ली। पूरा वातावरण गर्व, उत्साह और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।





























