Latest Update

नगर आयुक्त ने किया मानसून पूर्व नालों की तली झाड़ सफाई कार्यों का निरीक्षण

हरिद्वार। मानसून से पूर्व संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने हेतु नगर निगम हरिद्वार द्वारा व्यापक नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त नंदन कुमार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नालों की तली झाड़ सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, गोविंदपुरी क्षेत्र में गंगा नदी से जुड़ने वाले नाले, ज्वालापुर से भगत सिंह चौक तक आने वाले नाले, भेल से भगत सिंह चौक मार्ग तक जाने वाले नाले तथा विवेक विहार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के समय यह पाया गया कि इन क्षेत्रों में द्वितीय चरण में तली झाड़ सफाई कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा तृतीय चरण की सफाई कार्यवाही प्रगति पर है। नगर निगम द्वारा इस कार्य के लिए अतिरिक्त 75 सफाई कार्मिकों को आउटसोर्स के माध्यम से तैनात किया गया है, जो प्रमुख नालों की गहराई में जमी गाद एवं रुकावटों को दूर करने में लगे हुए हैं।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख जलमार्गों की तली झाड़ सफाई समयबद्ध व प्रभावी रूप से पूर्ण कराई जाए, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान किसी प्रकार की जल निकासी बाधित न हो। इस दौरान उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत तथा मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा आदि नगर निगम कार्मिक उपस्थित रहे। नगर निगम का यह विशेष तली झाड़ अभियान आगामी दिनों में अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news