चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को पंजाब पुलिस ने हरिद्वार से किया गिरफ्तार, छेड़खानी का है आरोप

हरिद्वार, 14 मई 2025 — हरिद्वार के प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को पंजाब पुलिस की टीम ने बुधवार को हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई। महंत गिरी के खिलाफ लुधियाना के डिवीजन नंबर-6 थाने में एक महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।श्यामपुर पुलिस के अनुसार, लुधियाना निवासी महिला की एक वर्ष पूर्व हरिद्वार में हवन के दौरान महंत रोहित गिरी से जान-पहचान हुई थी। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिस कारण वह धार्मिक अनुष्ठान के लिए हरिद्वार आई थी। आरोप है कि इसके बाद महंत गिरी ने महिला को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप कॉल करने शुरू कर दिए।महिला का आरोप है कि 14 मार्च को जब महंत गिरी लुधियाना पहुंचे, तो उन्होंने महिला को फोन कर बुलाया और उसे कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर छेड़छाड़ की। महिला ने इस घटना की शिकायत लुधियाना में दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर वारंट जारी हुआ। वारंट के आधार पर पंजाब पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची और बुधवार को महंत को गिरफ्तार कर लिया।महंत के आवास पर पहली पत्नी का हंगामा, तोड़फोड़ भी की महंत रोहित गिरी की गिरफ्तारी के दौरान उनके आवास पर उनकी पहली पत्नी कई लोगों के साथ पहुंचीं और जोरदार हंगामा किया। इस दौरान आवास में तोड़फोड़ भी की गई। पहली पत्नी का आरोप है कि उनका तलाक नहीं हुआ, इसके बावजूद महंत ने दूसरी शादी कर ली। अब एक और महिला के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तारी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।मौके पर भारी हंगामा हुआ जिसे स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर शांत कराया। बताया जा रहा है कि महंत रोहित गिरी की दो पत्नियाँ हैं और अब तीसरी महिला के साथ विवाद ने पूरे मामले को तूल दे दिया है।फिलहाल महंत रोहित गिरी को पंजाब ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news