
रुड़की। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की द्वारा मंगलौरर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के विचारों, उनके सुशासन मॉडल तथा भाजपा संगठन को सशक्त बनाने में उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह एवं मंगलोर विधानसभा भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भडाना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी न केवल एक कुशल राजनेता थे, बल्कि वे एक संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में देश को सुशासन, विकास और समावेशी नीति की दिशा में आगे बढ़ाया। डॉ. सिंह ने कहा कि अटल जी ने भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जो परिकल्पना की थी, उसी का परिणाम है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है। मंगलौर विधानसभा भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भडाना ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों की एक नई मिसाल कायम की। भडाना ने कहा कि सुशासन दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथ पर सुशासन दिवस मनाया जा रहा है, ताकि आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की अवधारणा को पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शोभित गुप्ता, राजीव राणा , मनोज मुडलाना सहित वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि आज देश अटल जी के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सुशासन, विकास और राष्ट्रहित की भावना के साथ भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय होकर जनसेवा में जुटे हुए हैं।अंत में सुशील राठी, पूर्व महामंत्री प्रवीण संधू, अंकित गौतम,आकाशदीप गौतम सहित सभी उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने अटल बिहारी वाजपेई जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।




