Latest Update

नगर निगम बोर्ड की बैठक में विकास संबंधी प्रस्ताव पारित मंगलौर रोड पर साइंस सिटी और सालियर में अंतराज्यीय बस अड्डा बनाए जाने का प्रस्ताव पारित

रुड़की। नगर निगम सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक बड़े ही सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 100 करोड़ से अधिक का बजट पास किए जाने के साथ ही 32 सीटर नगरीय बस एवं 5 बैटरी कार के संचालन, सालियर में नए बस स्टैंड के निर्माण समेत 200 से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए। सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाई और विकास को तरजीह दी। इस बीच महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने समितियों के लिए पार्षदों से नाम मांगे और कहा है कि नगर निगम विकास के एजेंडे पर तेजी से कार्य कर रहा है। नगर निगम रुड़की स्वच्छता अभियान में काफी आगे हैं। जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और कर्मचारियों की समस्या भी प्राथमिकता से निस्तारित की जा रही है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लिए जा रहे हैं और शहरी विकास निदेशालय द्वारा संचालित योजना व कार्यक्रमों का लाभ आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है।

महापौर अनीता देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में पार्षद राकेश गर्ग ने 28 लाख रुपये के स्ट्रीट लाइट रिपेयरिंग प्रस्ताव पर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि एक लाइट की मरम्मत पर 800 रुपये दर्शाना उचित नहीं है और इसमें पारदर्शिता होनी चाहिए। 

पार्षद संजीव तोमर ने पनियाला रोड पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाला निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जल भराव की समस्या गंभीर होती जा रही है और इस समस्या का समाधान समय रहते होना बहुत ही जरूरी है। इस पर महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा है कि जल भराव की समस्या का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता में है और प्रयास जारी है। बरसात से पहले हीजल निकासी के उचित इंतजाम हो जाएंगे। पार्षद कुलदीप तोमर ने पिछले बोर्ड में स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा है किस्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाना जरूरी है। इस दौरान पार्षदों मांग रखी कि वार्ड से जुड़े किसी भी कार्य से पहले संबंधित पार्षद को विश्वास में लिया जाए। इस पर नगर आयुक्त राकेश तिवारी ने भविष्य में पार्षदों को विश्वास में लेने का आश्वासन दिया।

बैठक में शॉपिंग मॉल निर्माण और नगर निगम द्वारा पेट्रोल पंप खोले जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। चंद्रशेखर आजाद चौक पर घंटाघर बनाए जाने के प्रस्ताव का पार्षद प्रतिनिधि सूरज नेगी ने कड़ा विरोध करते हुए चेतावनी दी कि यदि वहां घंटाघर बनाया गया तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं पार्षद चंद्रप्रकाश बाटा और शिवम अग्रवाल ने रामदयाल चौक पर घंटाघर निर्माण की मांग रखी। नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने कहा कि कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी के लिए शुरू किया गया एबीसी सेंटर प्रभावी ढंग से कार्य नहीं कर रहा है, जबकि शहर में कुत्तों की संख्या और काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि सेंटर में एक समय में 30 कुत्ते रखे जाते हैं और संचालित करने वाली कंपनी को प्रति कुत्ता 1079 रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में लगभग नौ हजार कुत्ते हैं और चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। बैठक में मेयर अनीता अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि संजय प्रजापति, रुड़की विधायक प्रतिनिधि विवेक चौधरी सहित कई पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। 

बोर्ड बैठक में पहुंचे विवेक चौधरी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड बैठक में कैबिनेट मंत्री की ओर से तीन प्रस्ताव रखे गए, जिनमें फायर स्टेशन,,अंतर्राज्यीय बस अड्डा व साइंस सिटी के लिए जगह उपलब्ध कराना शामिल रहा। बोर्ड बैठक में सभी तीनों प्रस्ताव को सर्व समिति से पास कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि विवेक चौधरी ने बताया कि अंतर्राज्यीय बस अड्डा से दिल्ली के लिए सीधा सफर, हरियाणा -पंजाब के लिए सीधा सफर, उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद व खटीमा के लिए सीधा सफर, दिल्ली -राजस्थान के लिए सीधा सफर अब आसान होने जा रहा है। वहीं मंगलौर रोड पर निगम की जमीन में बनने जा रही “साइंस सिटी” में इंजीनियरिंग के छात्रों को रचनात्मक गतिविधियों को करने में सुविधा मिलेगी। बोर्ड बैठक में मुख्य रूप से सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर,शिवानी सालार,कर निर्धारण एवं राजस्व अधिकारी एसपी गुप्ता कार्यालय अधीक्षक मोहम्मद कयूम, कर अधीक्षक गिरीश चंद सेमवाल आदि मौजूद रहे ।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News