Latest Update

कांग्रेस,भाजपा ने प्रदेश को लूटा,यूकेडी ही लड़ सकती है उत्तराखंड के हितों की लड़ाई,जयप्रकाश रितु कंडियाल कांग्रेस छोड़ यूकेडी में हुई शामिल

रुड़की।उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया,जब कांग्रेस से जुड़ी रहीं रितु कंडियाल जुयाल ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की सदस्यता ग्रहण कर ली।अशोक नगर,ढंडेरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यूकेडी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें फूलमाला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय,केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट और केंद्रीय प्रवक्ता राज रतन रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।कार्यक्रम में रितु कंडियाल जुयाल के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने भी यूकेडी की सदस्यता ली।इस अवसर पर केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय ने कांग्रेस और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से उत्तराखंड को लूटने का काम किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आज भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है,जबकि खनन माफिया और भूमाफिया प्रदेश के संसाधनों का दोहन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों से दूरी बनाकर क्षेत्रीय दल को मजबूत करे।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ही प्रदेश के जल,जंगल और जमीन की रक्षा करते हुए राज्य के हितों की सच्ची लड़ाई लड़ सकता है।केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस तरह उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान प्रदेश के लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करते थे,उसी तरह आज फिर से प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों पर यूकेडी लगातार संघर्ष कर रही है।कार्यक्रम में सरिता पुरोहित ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है,लेकिन आज प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा सवाल बन गया है।उन्होंने उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।केंद्रीय प्रवक्ता राज रतन रावत ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों जल,जंगल और जमीन को बचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।कहा कि प्रदेश के विकास और स्वाभिमान की लड़ाई में सभी लोगों को अपनी भागीदारी निभानी होगी।इस दौरान रितु कंडियाल जुयाल ने यूकेडी में शामिल कराने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपे जाएगी,उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी।उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाना ही उनकी प्राथमिकता होगी और प्रदेश के हितों के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।कार्यक्रम का संचालन चिन्हित राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत और राकेश चौहान ने किया।सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार कुंवर सिंह चौधरी और राजेंद्र सिंह रावत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष मोहन सिंह असवाल,प्रताप कुंवर,प्रवीण रमोला,गणेश काला,हिमांशु पंवार,जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान,महक सिंह सैनी एडवोकेट,राजबीर सिंह पुंडीर,जगदीश खड़ायत,इंद्रपाल गुसाईं,नरेंद्र गुसाईं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News