
नारसन (रुड़की)। रविवार की देर शाम मंडावली गांव के पास सड़क पार करते समय घोड़ा बग्गी को थार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घोड़े के मौके पर ही मौत हो गई।आक्रोशित लोगों ने कार पर पथराव कर दिया।जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के श्याम नगर निवासी सुधीर कुमार अपने परिवार के साथ हरिद्वार से वापस जा रहे थे।

जैसे ही इनकी थार कार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मंडावली के पास पहुंची तो एक घोड़ा बग्गी सड़क पार कर रही थी।
हादसे के बाद बग्गी चालक के अन्य साथी मौके पर आ गए और उन्होंने कार पर पथराव कर दिया। जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोग भी बाल-बाल बचे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान भीड़ ने मार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह से समझा बूझकर मामला शांत कराया।अभी तक इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।






