
रुड़की। आज श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रा सुरक्षा एवं सशक्तिकरण समिति द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्या डॉ अनुपमा गर्ग ने कहा कि महिलाएं अवसर मिलने पर पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर उच्च पदों पर आसीन हुई तथा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छात्राओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी बातों में पुरुषों की बराबरी करनी चाहिए जिससे महिलाओं का भविष्य और अधिक उज्जवल बन सके। महाविद्यालय परिसर में हिमालयन इंस्टीट्यूट फॉर रुरल अवकेनिंग (हीरा) संस्थान के सौजन्य से स्वस्थ महिला-स्वस्थ समाज थीम पर आधारित कार्यक्रम में जीवन ज्योति अस्पताल से आई डॉ पूजा ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। समिति प्रभारी डॉ कामना जैन ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान में स्त्री पुरुष समानाधिकार उल्लिखित हैं। धीरे-धीरे शिक्षा,व्यवसाय, सामाजिक व्यवस्था में स्त्रियां पहले से बेहतर अवस्था में हैं किंतु स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति महिलाएं अभी भी असंवेदनशील हैं। हीरा संस्थान की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री सीमा ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्रमुखता देनी चाहिए क्योंकि जब नारी स्वयं स्वस्थ होगी तभी पूरे परिवार का ध्यान वह बेहतर तरीके से रख सकती है। विचार प्रस्तुति कार्यक्रम में कुमारी अजरा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास से सभी का परिचय करवाया। कुमारी वर्णिका आर्य ने संस्कृत साहित्य में उपलब्ध श्लोकों के माध्यम से नारी की महिमा का वर्णन किया। कार्यक्रम के अंत में समिति सह प्रभारी श्रीमती अंजलि प्रसाद ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज का सशक्तिकरण संभव है। अतः महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।









