
लक्सर। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के अकोढ़ा खुर्द गांव निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने खेत में खड़ी कार के अंदर अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना को लेकर अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 05 मार्च को कोतवाली लक्सर को मृतक अक्षित पुत्र संजय कुमार निवासी अकोढ़ा खुर्द का डेथ मेमो प्राप्त हुआ था। इसके बाद 06 मार्च को पुलिस टीम राजकीय उच्च चिकित्सालय रामनगर, रुड़की पहुंची और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि 05 मार्च को दोपहर करीब 3:30 बजे अक्षित कुमार अपने खेत में खड़ी कार के अंदर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल अस्पताल, रामनगर रुड़की लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोतवाली लक्सर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि युवक की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








