
झबरेड़ा। विधानसभा झबरेड़ा क्षेत्र में आयोजित होली मिलन समारोह में लक्सर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत मुख्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।

डॉ. हर्ष कुमार दौलत ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने अपने संबोधन में विशेष रूप से झबरेड़ा वासियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कोई भी गरीब या निर्धन बच्चा शिक्षा प्राप्त करना चाहता है और संसाधनों के अभाव में पढ़ाई नहीं कर पा रहा है, तो ऐसे बच्चों को वे अपने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और किसी भी बच्चे का भविष्य केवल आर्थिक कारणों से प्रभावित नहीं होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंच से दिए गए उनके वक्तव्य को विधानसभा झबरेड़ा में उनकी सक्रियता और बढ़ती जनस्वीकृति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

समारोह में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। होली के रंगों के बीच आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से विशेष महत्व का रहा, जहां डॉ. हर्ष कुमार दौलत की उपस्थिति को विधानसभा झबरेड़ा में उनकी सशक्त तैयारी और मजबूत जनसमर्थन के रूप में देखा जा रहा है।








