
रूड़की। श्री श्याम मित्र मंडल समिति (रजि.) रूड़की द्वारा आयोजित मासिक संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने सहभागिता कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

महोत्सव के दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुति और “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन कर प्रभु श्री श्याम के चरणों में हाज़िरी लगाई। फाल्गुन के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों का समिति की ओर से सम्मान भी किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए वक्ताओं ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रभु श्री श्याम की कृपा और भक्तों के स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि श्री श्याम मित्र मंडल समिति समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है और भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहेंगे। फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में प्रार्थना की कि श्याम बाबा का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।
जय श्री श्याम। 🚩








