Latest Update

ड्रग्स विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर पर औचक छापेमारी की

रुड़की। गुरुवार को चंद्रपुरी क्षेत्र स्थित पल्स मेडिकल स्टोर पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई का नेतृत्व ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने गंग नहर कोतवाली पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से किया।

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि अपर स्वास्थ्य सचिव/अपर आयुक्त के निर्देश पर जनपद के सभी मेडिकल स्टोरों की विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ मेडिकल स्टोरों पर नारकोटिक दवाएं बिना उचित अभिलेखों के बेची जा रही हैं तथा स्टॉक और बिलों का समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है।

छापेमारी के दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के बिल, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नारकोटिक दवाएं केवल पंजीकृत चिकित्सक की लिखित पर्ची पर ही दी जा सकती हैं और इनके भंडारण व बिक्री के लिए निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है।

ड्रग इंस्पेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि कोई संचालक आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने में असमर्थ पाया गया तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। जांच से बचने के लिए दुकान बंद रखने वाले संचालकों को भी चिन्हित कर सख्ती की जाएगी।

छापेमारी में ड्रग विभाग के अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं गंग नहर कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news