Latest Update

आठ वर्षीय आध्या साहा की देशभक्ति प्रस्तुति ने जीता दिल,वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

रुड़की।मैनपुरी शहर की होनहार नन्ही गायिका आध्या साहा इन दिनों अपनी भावपूर्ण देशभक्ति प्रस्तुति को लेकर चर्चा में हैं।सुदिती ग्लोबल एकेडमी की कक्षा तीन की छात्रा और मात्र आठ वर्ष की आध्या ने अपने मधुर स्वर से ऐसा समां बांधा कि कार्यक्रम में उपस्थित श्रोता भावुक हो उठे।उन्होंने चर्चित देशभक्ति गीत “संदेशे आते हैं” को बेहद संवेदनशील अंदाज में प्रस्तुत किया।उनकी प्रस्तुति की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनकी प्रतिभा की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं।आध्या,मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा की पुत्री हैं।उनकी माता कोमल साहा स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं।परिवार में शिक्षा,अनुशासन और संस्कारों के साथ-साथ कला को भी विशेष महत्व दिया जाता है,यही कारण है कि कम उम्र में ही आध्या में संगीत के प्रति गहरी रुचि विकसित हुई।परिजनों के अनुसार,वह नियमित अभ्यास करती हैं और स्कूल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेती हैं।कार्यक्रम के दौरान जैसे ही आध्या ने “संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं” गाना शुरू किया,सभागार में सन्नाटा छा गया।उनकी कोमल आवाज में भावनाओं की गहराई साफ झलक रही थी।दर्शकों की आंखें नम हो गईं और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज उठा।सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी प्रस्तुति को‌ प्रेरणादायक बता रहे हैं।कई उपयोगकर्ताओं ने लिखा कि इतनी छोटी उम्र में इतनी परिपक्व और संवेदनशील गायकी दुर्लभ है।संगीत प्रेमियों का मानना है कि आध्या जैसी प्रतिभाएं नई पीढ़ी को भारतीय संगीत और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।उनकी यह प्रस्तुति इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा उम्र की सीमा से परे होती है।आज आध्या साहा न केवल अपने परिवार,बल्कि पूरे मैनपुरी का नाम रोशन कर रही हैं और देशभर में प्रशंसा बटोर रही हैं।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news