Latest Update

शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारत का शानदार प्रदर्शन लड़कियों ने जीता गोल्ड, लड़कों के खाते में सिल्वर

रुड़की। नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 से 3 फरवरी 2026 तक आयोजित सेकेंड शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारतीय टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता में भारतीय महिला शूटिंग बॉल टीम ने फाइनल मुकाबले में नेपाल को 21–17, 21–14 से हराकर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया। नेपाल की टीम को सिल्वर जबकि म्यांमार की टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

वहीं पुरुष वर्ग में फाइनल मुकाबले में कनाडा की टीम ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि भारत को सिल्वर और न्यूजीलैंड को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ल्ड कप में भारतीय लड़कों और लड़कियों की टीम में खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर सहित कुल 15-15 सदस्य शामिल थे।

पुरुष भारतीय टीम की ओर से सूरज चौधरी और नवनीत कुमार ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।

सूरज चौधरी ग्राम बेल्डी, जिला हरिद्वार तथा नवनीत कुमार शेरपुर खेलमऊ, जिला हरिद्वार से हैं। दोनों खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में सिल्वर मेडल जीतकर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में इंटरनेशनल शूटिंग बॉल फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिलअग्रवाल,महासचिव मोना सिंह,एशियन शूटिंग बॉल महासचिव रविंद्र तोमर,उप प्रधान केशव बिष्ट,कोषाध्यक्ष जे.पी. कादयान,शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीतराज,उप प्रधान डॉ. ओ.पी. माजरा तथा उत्तर शूटिंग बॉल के चेयरमैन अजय पाल द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए। भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और उत्तराखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

SAMARTH DD NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SAMARTH DD NEWS