नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार शाम बड़ा एलान करते हुए जेपी नड्डा की जगह पार्टी की कमान बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को सौंपी है। संसदीय बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। नितिन नवीन पांच बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नवीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नवीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं। बता दें कि यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 यानी आज से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में पार्टी की ओर से औपचारिक संगठनात्मक आदेश जारी किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह नियुक्ति भाजपा के संसदीय बोर्ड की तरफ से की गई है। आदेश में लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन, मंत्री बिहार सरकार को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

नितिन नबीन की नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में नितिन नवीन को एक युवा, मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने लिखा कि नितिन नबीन के पास संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है और बिहार में विधायक तथा कई कार्यकाल तक मंत्री रहने के दौरान उनका रिकॉर्ड सराहनीय रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन ने हमेशा लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम किया है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News