
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में मारे गए सभी 25 पीड़ितों की पहचान कर ली गई है। इनमें 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों (कर्मचारियों) में सबसे अधिक संख्या उत्तराखंड के लोगों की है।आग में मारे गए 5 पर्यटकों में चार दिल्ली के थे। इनमें एक ही परिवार के 3 लोग शामिल थे। 5वां पर्यटक कर्नाटक का था। गोवा सरकार ने रविवार रात को सभी 25 मृतकों की सूची जारी कर दी।
गोवा सरकार की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार, मरने वालों में 20 नाइटक्लब के कर्मचारी थे। इनमें सबसे अधिक संख्या उत्तराखंड के लोगों की है। उत्तराखंड के 5 लोग हादसे में मारे गए हैं। इनमें से नेपाल के 4, झारखंड और असम के 3-3, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के दो-दो लोग शामिल हैं। पश्चिम बंगाल का एक व्यक्ति शामिल है।
हादसे में मारे गए उत्तराखंड के लोगों की पहचान जितेंद्र सिंह, सतीश सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी और मनीष सिंह के रूप में हुई है। वहीं 4 नेपाली नागरिकों की पहचान चूर्ण बहादुर पुन, विवेक कटवाल, सबिन और सुदीप के रूप में हुई है। हादसे में मारे गए एक अन्य पर्यटक की पहचान कर्नाटक के इशाक के रूप में हुई है।
दिल्ली के चार पर्यटकों की पहचान सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार के रूप में हुई है। सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी की पहचान रविवार को उनकी रिश्तेदार भावना जोशी ने की।
मृतकों में महाराष्ट्र के डोमिनिक और मनोज जोरा, जबकि उत्तर प्रदेश के रोहन सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) के एकमात्र पीड़ित की पहचान सुभाष छेत्री के रूप में हुई है। इसमें झारखंड के मोहित, प्रदीप महतो और बिनोद महतो, जबकि असम के तीन लोग मनोजित मल, राहुल तांती और दिगंबर पातिर शामिल हैं।
हादसा शनिवार देर रात उत्तरी गोवा में पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर’बर्च बाई रोमियो लेन’ नाइट क्लब में हुआ। एक पर्यटक ने दावा किया कि डांस के दौरान आतिशबाजी की गई। यह आग लगने की वजह हो सकती है। आग पहली मंजिल पर लगी। भीड़भाड़ अधिक थी। अचानक मची अफरातफरी के बीच लोग ग्राउंड फ्लोर पर भागे लेकिन छोटे दरवाजों के कारण लोग बाहर नहीं भाग सके। इससे लोग वहीं फंस गए। इससे अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से हुई।




