
देहरादून। इंडियन आइडल सीजन 12 के विनर मशहूर सिंगर पवनदीप राजन एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर पवनदीप के चोटिल होने की खबर से उनके प्रशंसक चिंतित हो उठे। बताया जाता है कि उत्तराखण्ड से नोएडा जाते समय गजरौला के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस बीच उत्तराखंड में पवनदीप की सलामती के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है। उनके प्रशंसकों और सीएम धामी समेत मंत्री विधायकों और लोक गायकों ने भी सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय समेत तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।

पुलिस के मुताबिक रविवार की रात पवनदीप अपने साथी अजय मेहरा के साथ घर से नोएडा जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार को चालक राहुल सिंह चला रहा था। रात करीब ढाई बजे जैसे ही उनकी कार गजरौला थानाक्षेत्र में चौपला चौराहा ओवरब्रिज से नीचे उतरी तभी, हाईवे किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। यह हादसा चालक राहुल सिंह को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। हादसे में सिंगर पवनदीप उनके साथी अजय मेहरा और चालक राहुल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने तीनों को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए डिडौली में हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। जानकारी मिलते ही सिंगर पवनदीप के परिजन अस्पताल पहुंच गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अपने साथ नोएडा ले गए हैं।





























