
दक्षिण दिल्ली के नेब सराय थाना इलाके में हुए तिहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ है। बेटे ने ही माता-पिता व बहन की हत्या की थी। पिता राजेश बेटे को मारता-पीटता था। यहां तक की मोहल्ले में खुलेआम भी सड़क पर उसकी पिटाई करता था।
अर्जुन को लगता था कि घरवाले उसके पीछे पड़े रहते हैं। वह अकेला रहना चाहता था। उसने अपने पिता के फौज वाले चाकू से ही हत्या कर दी। आरोपी एक सप्ताह से हत्या करने की साजिश रच रहा था।

दक्षिण दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र के देवली गांव में बुधवार सुबह मूलरूप से महेंद्रगढ़ के खेड़ी निवासी राजेश कुमार (51), पत्नी कोमल (46) व बेटी कविता (23) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। राजेश को सोते समय मारा गया, जबकि पत्नी व बेटी के विरोध करने के सबूत मिले हैं। राजेश आर्मी से सेवानिवृत्त थे और कॉलेज में पढ़ रही बेटी कविता कराटे में ब्लैक बेल्ट थी।
देवली गांव निवासी राजेश कुमार (51) व कोमल (46) की बुधवार को 27वीं सालगिरह थी। पूरा परिवार मंगलवार रात को सालगिरह मनाने की तैयारी की बात कर सोया था, लेकिन क्या पता था कि सालगिरह के दिन ही बेटा परिवार खत्म कर देगा। हत्यारोपी अर्जुन बॉडी बिल्डर है और रोज सुबह जिम व सैर करने जातथा।पुलिस के अनुसार, पड़ोसी बुजुर्ग महिला ने बताया कि जब अर्जुन जिम के लिए निकला था तो उसने मां को गेट बंद करने के लिए कहा था। मुख्य दरवाजे में इंटरलॉक सिस्टम अंदर और बाहर दोनों से लगता है। हैरत है कि बेटे ने परिवार को खत्म कर दिया। राजेश देवली गांव में चौपाल के पास रह रहे थे। इधर, बेटा घर से करीब 20 मीटर दूर जिम के गया और संचालक को हत्या की सूचना दी। जिम से कई युवक अर्जुन के साथ घर पहुंचे। राजेश के गले पर चुन्नी लिपटी हुई थी, जबकि कोमल व कविता के शव कंबल से ढके थे। तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही विशेष पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त एसके जैन व दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अचिन गर्ग समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
एनएसजी कंमाडो भी रहे हैं राजेश
पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि राजेश सेना में तैनाती के दौरान एनएसजी कमांडो भी रहे हैं। फिलहाल, सैनिक फार्म में एक उद्योगपति के पीएसओ थे। बेटी सिविल सर्विस की भी तैयारी कर रही थी। अर्जुन भी राष्ट्रीय स्तर का बॉक्सर है।
ऐसे मारा
राजेश – पहली मंजिल पर मृत मिले। उनकी सोते हुए हत्या की गई। धारदार हथियार से उनका गला काटा गया। सिर पर ही चाकू के दो निशान मिले हैं।
कोमल (47) – कोमल भूतल पर मृत मिली। गला काफी हद तक कटा हुआ था। शरीर के अन्य हिस्सों पर ही चाकू के निशान हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्होंने वारदात का विरोध किया।
बेटी कविता (23)- गर्दन करीब-करीब पूरी कटी हुई थी। शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं।
हत्याकांड दर्दनाक और डराने वाला : केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि हत्याकांड बेहद दर्दनाक और डराने वाला है। हर रोज दिल्लीवासियों की सुबह ऐसी ही डरावनी खबरों के साथ हो रही है। अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। घर के घर बर्बाद हो रहे हैं। मासूम जिंदगियां जा रही हैं। सुरक्षा की जिनकी जिम्मेदारी है, वे लोग चुपचाप सब होते देख रहे हैं।






