
हरिद्वार। खेल महाकुम्भ-2024 के पंचम दिवस पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में आज फुटबाॅल, हैण्डबाॅल, ताईक्वांडो, कराटे, जूडो प्रतियोगितायें आयोजित की गयीं। अण्डर-14 फुटबाॅल बालक वर्ग के सेमीफाइनल में ब्राईट फ्यूचर फुटबाॅल एकेडमी ने वेजीटेरियन बाॅयज को 2-0 के अन्तर से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। 30वें मिनट में गणेश व 52वें मिनट में शिवम ने गोल किये। दूसरे सेमीफाइनल में ऑल स्टार फुटबाल क्लब व गैलेक्सी वारियर्स के बीच मुकाबला गोल रहित रहा, टाईब्रेकर में ऑल स्टार ने 3-2 के अन्तर से फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। फाइनल मुकाबले में ऑल स्टार ने बी0एफ0एफ0सी0 को 1-0 गोल से हराकर टीम का खिताब अपने नाम किया। 33 वें मिनट में अनिकेत ने गोल दागकर प्रथम स्थान पर कब्जा किया। इसी आयु वर्ग के बालिका में बी0एफ0एफ0सी0 ने रोशनाबाद स्टेडियम की टीम को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र गोल किंजल उपाध्याय द्वारा किया गया। पुलिस मार्डन स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही। सभी टीमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का जनपद स्तरीय चयन समिति द्वारा राज्य स्तर के लिए चयन भी किया गया। अण्डर-17 बालिका वर्ग में बी0एफ0एफ0सी0 प्रथम स्थान पर रही, जिसने शान्तिकुुज को टाईबे्रेकर में 3-2 से हराया, न्यू सेन्ट थाॅमस की बालिकाओं में तृतीय स्थान पर रहीं। अण्डर-17 व अण्डर-20 आयु वर्ग के अन्य मुकाबले कल रोशनाबाद में खेले जायेंगे, जिनमें टीमें जोर आजमाईश करेंगी।
हैण्डबाॅल के सभी मुकाबलों में डी0ए0वी0 की टीम ने खिताब हासिल कर चैम्पियनशिप अपने नाम की। अण्डर-14 बालक वर्ग फाइनल में नवोदय विद्यालय को 15-10 से हराया, शिवडेल स्कूल तृतीय स्थान पर रही। अण्डर-17 बालक वर्ग में नवेादय विद्यालय को 21-13 से हराया, केन्द्रीय विद्यालय तृतीय स्थान पर रही तथा अण्डर-20 बालक वर्ग में केन्द्रीय विद्यालय को 8-4 से हराया, गुरूकुल कांगड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी आयु वर्ग के बालिका वर्ग की भी टीमों का चयन समिति द्वारा उनके प्रदर्शन के आधार पर किया।







