
भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर संभाग में धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात बस और टैंपो के टकराने से आठ बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरौली गांव में भात कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे बाड़ी शहर के गुमट मोहल्ला के रहने वाले इन लोगों का टेम्पों राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11बी पर सुनीपुर गांव के नजदीक एक बस की चपेट में आ गया। हादसे में टैंपों में सवार 12 लोगों की मौत हो गई । पुलिस ने शवों को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
हादसे में 13 वर्षीय आसमा पुत्री बंटी, 35 वर्षीय बंटी पुत्र गफफो, 7 वर्षीय सलमान पुत्र बंटी, 5 वर्षीय साकिर पुत्र बंटी, 9 वर्षीय दानिश पुत्र जहीर, 5 वर्षीय असीम का पुत्र, 30 वर्षीय जरीना पत्नी नहनू, 10 वर्षीय आशियाना पुत्री नहनू, 8 वर्षीय सुखी पुत्री नहनू, 9 बर्षीय सानिज पुत्र नहनू की घटना स्थल पर मौत हुई है। वहीं, जिला अस्पताल रेफर किए गए घायलों में 34 वर्षीय महिला जुली ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक अन्य भी शामिल है। पुलिस ने शवों को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस के अनुसार बाड़ी शहर के करीम गुमट में रहने वाले नहून और जहीर परिवार के करीब 14 लोग बरौली गांव में एक रिश्तेदार के यहां भात समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 11:30 बजे यह सभी लोग टेंपो से वापस लौट रहे थे, इस दौरान नेशनल हाईवे-11 बी पर सुन्नीपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने टेंपो को टक्कर मार दी।
यह बस धौलपुर से जयपुर जा रही थी। तेज रफ्तार बस की टक्कर से टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को बाड़ी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्क्ट ने जांच के बाद 12 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो प्राथमिकी उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।






